Showing posts with label Poem. Show all posts
Showing posts with label Poem. Show all posts

Sunday, July 10, 2016

25 दिन बनाम 5 दिन

- सोनम गुप्ता  

क्यों पीरियड्स है इतना अछूत-सा शब्द
माना नहीं है कोई सुन्दर चीज़
ना ही है कोई मजेदार घटना
लेकिन गन्दी बात भी नहीं है पीरियड्स,
ना हूं विज्ञान विशेषज्ञ और ना ही कोई धर्म जानकार
लेकिन कह सकती हूं पूरे विश्वास से पीरियड्स नहीं है
कोई छिपानेवाली बात,
जैसे खाना पचकर
पॉटी बनकर शरीर से निकलता है
जैसे पानी पसीना बनकर रिसता है
द्रव मूत्र बनकर निकलता है
वैसे ही
एक नष्ट हो चुके अंडे के शरीर से बाहर निकलने की प्रकिया है पीरियड्स
एक आम उत्सर्जन प्रक्रिया!
क्या पसीना आने के बाद
अचार छूना वर्जित है?
क्या पॉटी जाने के बाद हम मंदिर नहीं जाते?
क्या टॉयलेट से आने के बाद
हमारा बिस्तर अलग कर दिया जाता है?
तब क्यों पीरियड्स के वक्त
मैं रसोई में नहीं जा सकती?
क्यों अपने बिस्तर पर नहीं सो सकती?
क्यों अपना जन्मदिन नहीं मना सकती?
क्यों नहीं कर सकती वह सबकुछ
जो मैं महीने के बाकी 25 दिन करती हूं!

कैप्शन जोड़ें

Monday, September 28, 2015

--१--

--१--

यहां कितना सूनापन है
शोर के बीच
गहरा सन्नाटा
संवादों में खोखलापन
सतही होते विचार
प्लास्टिक की दुनिया में
बेजान हैं संवेदनाएं
और
मन पर
न भावनाओं की फुहारों का कोई असर
न कोई उष्मा
न प्रेम का कोई ताप
अब शेष है
केवल पतले होते रिश्तों के धागे
बिखरे हुए मन और घर
सिकुड़ता हुआ अपनापन

- सोनम

Friday, September 19, 2014

जरुरी है औरत का उखड़ना


एक लंबी कविता के एडिटिंग के दौरान उसमें से कटकर निकले हुए कुछ अवशेषों से ये कविता बनी है। जिसे आपके साथ सांझा कर रही हूँ।

- सोनम गुप्ता


एक लड़की कर सकती है शादी से इंकार
सजा सकती है सपने
भर सकती है ऊंची उड़ान
हंस सकती है खुलकर
कर सकती है वह सबकुछ
जो हक है उसका
लेकिन
पापा, चाचा, मामा, ताई, मम्मी और पड़ोसी सब
नहीं भूलने देंगे उसे
कि
वह जन्मी है संस्कारों के देश में
पंडितों और पुजारियों के प्रदेश में
जहां औरत इंसान नहीं
केवल सामान है
घर का सम्मान है
मान-मर्यादा और अपमान है
उसे दबना है
चुप रहना है
सपनों को मार कर भी खुश रहना है। 

लड़कीनुमा पोधे का
पनपना जरुरी है
उखड़ने के बाद भी जरुरी है
उसका फलना फूलना
ताकि फसलें जिंदा रहें
ताकि नस्लें जिंदा रहें
फिर चाहे गल जाए एक लड़की का शरीर
दरक जाए दिल
पर नस्ल जिंदा रहनी चाहिए। 

एक अंकुर को पैदा करने के लिए
गलना पड़ता है बीज को
सहना पड़ता है दर्द जननी को।

फ्रीडा काहलो की एक पेंटिंग- साभार: अमिताभ श्रीवास्तव 

Saturday, July 5, 2014

पर कटा पंछी


- सोनम गुप्ता 

-1-
आसमान को ताकता पर कटा पंछी
उड़ना चाहता है
एक पल के लिए भूल जाता है
कि उसके पंख कतर दिए गए हैं
वो पंछी भरना चाहता है अपने सपनों की उड़ान
वह पर कटा पंछी आसमान की ओर देखते हुए
कोशिश करता है, ऊछलता है
लेकिन, धड़ाम से गिर पड़ता है औंधे मुंह
जालियों से घिरी चार दिवारी के भीतर।

-2- 
पिंजरा,
जहां दाना है, पानी है
हवा है, खिलौना है
लेकिन आजादी नहीं है
पंछी रोक नहीं पाया उन्हे, अपने पर कतरने से
पंछी को लगता रहा हमेशा
अपने ही परों पर अधिकार नहीं है उसका,
हक है, किसी और का इन पंखों पर।

-3-
वह चिल्लाता है, चीखता है
पूरी ताकत से छुड़ा लेना चाहता है खुद को शिकंजे से
लेकिन
मालिक पैसा कमाना चाहता है
पर कटे परिंदे का खेल दिखाकर,
पंछी के पर कतरकर खुद भरना चाहता है ऊंची उड़ान।

-4- 
मालिक  तो मालिक ठहरा
और पंछी बेजुबान
पंछी की आंखों में कातरता और मालिक की आंखों में क्रूरता होती है,
नोंच कर उखाड़ दिए एक-एक करके सभी वो पंख उसके
जो दे सकते थे उड़ान
पिंजरे में कैद पंछी उड़ने की आस नहीं रख सकता
कुतुहल का केंद्र है पिंजरे में बंद पंछी
मान-मर्यादा का प्रतीक है ये बिना पर का पंछी।

-5-
पर आजादी है
पर मनमुताबिक जीने का साधन है
पर स्वावलंबी होने की निशानी है
पर अभिमान है
पर अपने सामर्थ्य की पहचान है
पालतू बनाने के लिए पंछी को
पर काटना जरूरी है
वरना ये पंछी पिंजरा तोड़कर जी लेगा अपनी जिंदगी
जो पर काटनेवाला नहीं कर पाया
वह उड़ान भर लेगा ये परवाला पंछी
इसका घुट-घुटकर मरना जरूरी है
इसके सपनों का टूटना जरूरी है
मान-सम्मान का ढोंग रचना जरूरी है
पंछी के लिए पिंजरा है
खुली डालियों पर तो बैठते हैं
आवारा, बेपरवाह और मस्तमौला पंछी
अपने पर को मजबूत करते
मीलों उड़ाने भरते
जी भरकर जीते, विहंग करते पंछी
पिंजरे के भीतर से
देखता, ताकता नसीब को कोसता पर कटा पंछी
काट दिए गए जिसके पंख
मान-मर्यादा और संस्कार के नाम पर
अब सिर्फ आसमान में उड़ते हुए पंछियों को ताक रहा है,
वह पर कटा पंछी।

- 6-
शरीर भले ही न उड़ पाए
लेकिन मन की उड़ान अब भी
दूर क्षितिज तक भर लेता है
अपनी आंखों में
वह पर कटा पंक्षी।



Wednesday, March 26, 2014

मुझपर तुम एक एहसान करो, अपना मत मुझे दान करो।


- सोनम गुप्ता

तुम तो मेरा सम्मान करो,
यूं न मेरे गुण-दोष गिनो,
मुझपर तुम एक एहसान करो,
अपना मत मुझे दान करो।

मैं, एक नेता हूं,
माना तुम्हे कुछ नहीं देता हूं,
चुनाव आने पर
अच्छा अभिनय कर लेता हूं।
वोट मांगने के लिए
तुम्हारे दर पर आया हूं
कुछ रूपए और बोतल भी
अपने साथ मैं, लाया हूं
ना दुत्कारों ऐसे
ना यूं मेरा अपमान करो,
मुझपर तुम एक एहसान करो,
अपना मत मुझे दान करो।


5 साल में पूरे केवल,
एक बार ही
हाथ जोड़कर करता हूं मैं तुमसे याचना
स्वीकार करो
हे कर्ता-धर्ता,
मेरी प्यारी-दुलारी जनता,
मेरी विनम्र प्रार्थना
तेरे ही आर्शीवाद से
संभव है दिल्ली में मेरी सत्ता।

सड़क, पानी, बिजली को ना तुम याद करो,
सिर्फ और सिर्फ विकास की अब बात करो,
मुझपर तुम एक एहसान करो,
अपना मत मुझे दान करो।


गेहूं सड़ते हैं तो सड़ने दो,
तुम मुझको अपना मत दान करो,
आने पर सत्ता
इन्हे गोदामों में रखवा देंगे,
ओले गिरते है तो गिरने दो,
कुछ किसान मरते है, 
तो मरने दो,
दो-चार किसानों का बीमा भी करवा देंगे।

तंग रस्तों से,
गलिच्छ गलियों से,
झेलकर बहुत कष्ट,
द्वार तक तुम्हारे पहुंचा हूं,
ये दीन-दुखियारे, 
अब तुम ही मेरे रखवाले,
2 रोटी अपनी खिलाकर,
मेरे प्रचार में चार-चांद जड़ो,
तुम मेरा यह सविनय निवेदन,
कृप्या अब स्वीकार करो,
मुझपर एक एहसान करो,
अपना मत मुझे दान करो...

Friday, September 27, 2013

सोचा न था!

इतनी बेरूखी तुमसे हासिल होगी,
सोचा न था,
जिसके बाहों में जिंदगी गुजारने की ख्वाइश रही
अबोला होगा उनसे भी कभी
सोचा न था,
ऐसा अविश्वास तुम्हे हमपर होगा
तार-तार खींच उठेंगे
सोचा न था,
मुझसे एक पल की दूरी तुम्हे मंजूर न थी
उम्र भर के लिए अकेला छोड़ोगे
सोचा न था,
जिन आंखों में मेरे बसते थे तुम सुब-हो-शाम
उनमें ही आंसू भर दोगे
सोचा न था,
हर अलफ़ाज़ मेरे मिश्री-सी लगती थी तुम्हे
ये भी कभी अप्रिय लगेंगे
सोचा न था,
दर्द में भी जिसका नाम तुम्हारी सांसों में था
वो नाम धूमिल होगा कभी
सोचा न था,
मुझे 'जान' कहनेवाला 
इस कदर मेरी जान तिल-तिल लेगा कभी
सोचा न था!  
        - सोनम गुप्ता 

Friday, September 20, 2013

हेयर सिरम और गांठ

नहीं सुलझ रही,
जुल्फों की उलझने,
लगा लिया
हेयर सिरम, 
गांठे,
फिर भी,
अर्झी की अर्झी,
टूट गयी,
कुछ कमजोर कड़ियां,
तो कुछ जड़ से उखड गयी,
कंघे के साथ घर्षण में,
कुछ संभली और कुछ चल बसी,
उलझी हुई गुत्थियों में,
कट्टर धागे ,
कुछ आधे हो गए,
तो कुछ की उलझने बढ़ गयी,
सिरम से,
किनारा करते -करते,
गिरते-पड़ते,
संभलते-बचते,
कुछ सूखी-भूखी रह गयी,
तो कुछ गीली हो,
जंजीरों को तोड़,
अलग हो गयी ...

- सोनम गुप्ता 


Sunday, March 17, 2013

नहीं ला पाया अम्मा और बाबू को

छोटा-सा घर हो,
आंगन में तुलसी,
और छत पर हिंडोला हो,
कमरे में सजी हो,
बेंत की आराम कुर्सी,
जिस पर बाबू बैठकर,
पढ़ रहे हो,
सुबह का अखबार,
अम्मा काढ रही हो,
मेज पोस,
बीबी सजा रही हो मुहार,
बच्चे गार्डन में खेले,
दादा के संग घुमे,
दादी की कहानियों में,
बीते उनकी हर रात,
साथ रहे सब,
मिलजुलकर,
दिन दुगनी-रात चौगुनी,
बढे हमारे बीच का प्यार,
पर मुंबई शहर में,
नहीं मिला,
दो कमरे का कमरा,
आँगन की जगह,
मिली दो फुट की गैलरी,
जहां जूते-चप्पल का बना स्टैंड,
बेंत की आराम कुर्सी,
गद्देदार, महंगे,
सोफों के बीच,
(पत्नी को,)
स्टेटस की नहीं लगी,
ओल्ड फैशन की बनकर,
एक दिन,
कबाड़ में बिक गयी,
सुबह का अखबार,
अलंकार हीन मुहार पर,
बिखरा पड़ा रहा,
सजा था मेज पर,
मखमल का विदेशी कंचुक,
गार्डन में नौकरानी के साथ,
बच्चे जाते रोज शाम,
बचपन में किया था वादा,
और यौवन के पायदान पर,
रखते हुए पहला कदम,
सजाया था सपना,
मन के भीतरी एक कोने में,
जब जाऊंगा शहर,
बन जाऊंगा कमाऊ पूत,
और अपने पैसों से,
बनाऊंगा मकान,
ले जाऊंगा संग,
अम्मा-बाबू को,
रखूँगा साथ उन्हें अपने,
नहीं बनूंगा नालायक बेटा,
२० सालों में,
खूब कमाया पैसा और नाम,
लेकिन फिर भी,
अपने मकान पर,
नहीं ला पाया अम्मा और बाबू को,
नहीं बना पाया,
अपने सपनों का वह नन्हा घर ...


Monday, December 31, 2012

क्यों न आते तुम हर उस शाम


तुम साथ क्यों नहीं थे,
उस शाम क्यों नहीं थे,
उन दरिंदों ने,
मेरी आत्मा को,
निर्ममता से मार दिया,
तड़पी मैं,
चीखी मैं,
चिल्लाते हुए,
बचने की कोशिश भी की,
लेकिन हार ही गयी,
तुम्हारी बिटियां

नोच लिया,
हवस के दरिंदो ने,
गिद्ध की तरह,
तुम्हारी लाडो को,
लडती रही,
अस्पताल के चारपाई पर

हैवानों की तरह,
मेरे अंग-अंग के,
चिथड़े-चिथड़े कर दिए,
न समझ सके मुझे इंसान,
मांस का टुकड़ा समझ कर,
बोटी-बोटी छलनी कर दी,
अब क्या बचा था मुझमें,
फिर भी मैं जीना चाहती थी,
उठकर उनसे लड़ना चाहती थी,
क्या गलती थी मेरी?
क्यों रौंद दिए मेरे नन्हे-नन्हे सपनों को?
क्या नहीं जन्मे वह किसी स्त्री के गर्भ से?
क्या इसी तरह नोचा था
अपनी मां और बहन को?
यह सवाल पूछना मैं चाहती थी

जीत गए वो आज,
फिर एक बार,
मेरी सांसों के रुकने से,
तुम आये इस शाम,
लेकर हाथों में ज्योति,
क्यों न आते तुम हर उस शाम,
जब मेरे जैसी,
लाखो दामिनी,
चीखती, चिल्लाती और रोती  ... 
                    -सोनम प्र. गुप्ता